कैथल। मतदान समाप्त होने के बाद चीका से ईवीएम मशीन लेकर कैथल आ रही एक बस को सीवन क्षेत्र में अज्ञात कैंटर ने टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बस में बैठी एक महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। मामले में पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
टीम के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर रामनिवास ने सीवन थाना में शिकायत दी कि वह चीका के कन्या स्कूल में बने बूथ नंबर-48 पर ड्यूटी इंचार्ज नियुक्त था। रात करीब साढ़े आठ बजे वे चुनाव कार्य पूरा होने के बाद कन्या स्कूल चीका से कैथल आ रहे थे। बस में सीआरपीएफ की सिपाही पिंकी सैनी और सुमन भी थी। जब साढ़े आठ बजे बस सीवन पहुंची तो तभी एक अज्ञात कैंटर ने तेजगति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बस को साइड से टक्कर मारी दी। हादसे में सिपाही पिंकी सैनी के दाएं हाथ में काफी चोटें लगी। बस को लेकर वे इलाज के लिए कैथल के एक निजी अस्पताल कैथल पहुंचे, जहां ज्यादा चोटें होने के कारण डॉक्टर ने उसे चंडीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। जांच अधिकारी रामफल ने बताया कि पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।