पहले दिन 30 जरूरत मंदों ने ली सहायता
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
बाई साइकिल क्लब कैथल द्वारा शहर के शहीद स्मारक के निकट नेकी की दीवार का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर वरिष्ठ भाजपा नेता राव सुरेंद्र और नगर परिषद चेयरमैन यशपाल प्रजापति ने पर्दा खींचकर दीवार का शुभारंभ किया।
नेकी की दीवार के शुभारंभ पर क्लब के सदस्य अपने अपने घरों से कपड़े लेकर आए और दीवार पर टांगे। सदस्यों ने कहा कि इस दीवार पर कोई भी पहरेदारी नहीं है। यह बिल्कुल भगवान के भरोसे है। उन्हें विश्वास है कि नेकी की दीवार पर केवल वही कपड़े लेने आएगा, जिसे उसकी जरूरत है। अगर उनका यह प्रयास सफल रहा तो वह शहर के अन्य स्थानों पर भी नेकी की दीवार को स्थापित करेंगे। जिससे शहर के अधिक जरूरत मंदों को सहायता मिल सके। यदि कपड़ों के अलावा अन्य वस्तु भी नेकी की दीवार पर आएगी तो उससे भी गरीबों को पूरी सहायता दी जाएगी। इस मौके पर महेश, राजेश, अशोक अरोड़ा, नवीन मल्होत्रा, तनुज, राजेश सेठी, संजीव, प्रयागराज बालू, ओमप्रकाश सैन, तेजेंद्र पाल भाटिया, सुरजीत सहित क्लब के अन्य शामिल रहे।
पहले दिन आए सौ के करीब कपड़े
शुभारंभ के दिन नेकी की दीवार पर सौ के करीब कपड़े आए थे जिसमें से तीस कपड़े जा चुके हैं और लगातार आम लोग इसमें अपनी रुचि दिखा रहे हैं।
घर-घर जाकर करेंगे अपील
क्लब के सदस्य सचिन धमीजा, शीतल, विक्की ने बताया कि वह सुबह के समय सैर के वक्त घर घर जाकर लोगों से नेकी की दीवार पर फालतू कपड़ों को टांगने की अपील करेंगे जिससे ज्यादा से ज्यादा जरूरतमंदों को सहायता मिल सके।