कैथल। ट्रैफिक पुलिस ने पिहोवा चौक के पास बुलेट बाइक से पटाखे बजाकर भागने वाले चालक को पीछा करके काबू किया। 42 हजार रुपये का चालान कर बाइक को जब्त कर लिया गया। चालक की पहचान गांव जुलानी खेड़ा निवासी युवक के रूप में हुई। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि जानकारी के अनुसार, चालक कैथल शहर में बुलेट बाइक से पटाखे बजा रहा था। पिहोवा चौक के पास पटाखे बजाकर बाइक भगाने पर ट्रैफिक पुलिस ने सरकारी गाड़ी से उसका पीछा किया और उसे काबू कर लिया।
जांच के दौरान बाइक पर नंबर प्लेट नहीं मिली। चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था और बाइक पर प्रेशर हॉर्न लगा हुआ था। ट्रैफिक पुलिस की ओर से यातायात नियमों की अवहेलना करने पर बुलेट बाइक का नियमानुसार 42 हजार रुपये का चालान किया गया और बाइक को जब्त कर लिया गया।