संवाद न्यूज एजेंसी
कलायत। यदि प्रदेश सरकार ने जल्द ही कमालपुर गांव में पूर्व की भांति रास्ते के अनुसार अंडरपास बनाने की मांग को पूरा नहीं किया तो संयुक्त किसान मोर्चा हरियाणा के बैनर तले प्रदेश स्तरीय कड़ा आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। यह वक्तव्य भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने लघु सचिवालय में हुई बैठक में कहे।
इसके बाद कमालपुर व किठाना गांव की सीमाओं के पास से कटरा-दिल्ली हाईवे के नीचे से अंडरपास बनाए जाने की मांग को लेकर बुधवार को भाकियू के शिष्टमंडल ने जिला उपायुक्त प्रशांत पंवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपा और ग्रामीणों की इस मांग का समाधान किए जाने की मांग की है।
गौरतलब है कि गांव कमालपुर के पास से निर्माणाधीन कटरा-दिल्ली हाईवे के नीचे से अंडरपास बनाने की मांग को लेकर करीब 15 दिनों से कई गांवों के सैकड़ों ग्रामीण लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। आरोप है कि आंदोलनकारी ग्रामीणों की इस मांग को शासन की ओर से अनसुना किया जा रहा है। ग्रामीण पूर्व की भांति नक्शे के मुताबिक अंडरपास बनाए जाने की मांग कर रहे है।
भाकियू प्रदेशाध्यक्ष रतन मान ने डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद बैठक में कहा कि अगर शासन व प्रशासन ने आने वाली सात जनवरी तक इस समस्या का समाधान नहीं किया तो क्षेत्र के किसान मजदूर सात जनवरी को धरना स्थल पर बड़ी संख्या में एकत्रित होकर कोई बड़ा फैसला लेकर स्वयं रास्ता बनाने का कार्य शुरू कर सकते है। यह फैसला गत सोमवार को धरना स्थल पर सामूहिक तौर पर भी लिया जा चुका है।
मान ने चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलन के दौरान जानमाल का नुकसान होता है तो शासन जिम्मेदार होगा। इस अवसर पर भाकियू के प्रदेश कोषाध्यक्ष सतपाल दिल्लोवाली, जिला संरक्षक बनी सिंह राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह सहारण, जिला उपाध्यक्ष कपील गढ़ी व कैथल ब्लॉक अध्यक्ष बलवंत सिंह मौजूद रहे।