कैथल। चीका में फर्जी चेक देकर आरोपी जीजा-साले ने किसान से 22.50 लाख रुपये ठग लिए। शिकायतकर्ता ने बताया कि तय समय बीतने के बाद भी आरोपियों ने रुपये वापस नहीं किए।
इस दौरान वे यमुनानगर चले गए। जब वह अपने पैसे लेने के लिए यमुनानगर पहुंचा तो आरोपियों ने उसे एक चेक दे दिया। बैंक में चेक लगाने पर वह बाउंस हो गया। शिकायतकर्ता के अनुसार जांच में पता चला कि चेक आरोपियों के नाम का नहीं बल्कि नरेंद्र नाम के व्यक्ति के खाते से संबंधित था। इसके बाद उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी।
चीका थाना पुलिस को दी शिकायत में सरौला निवासी निर्मल सिंह ने बताया कि उसकी गांव पीडल निवासी कृष्ण से जान-पहचान है, जो अनाज मंडी चीका में मुनीम का काम करता है। कृष्ण के कहने पर वह अपनी फसल भी उसी के माध्यम से बेचता था और दोनों के बीच पैसों का लेन-देन भी होता रहता था। अनाज मंडी चीका में आढ़ती का काम करने वाले जगदीश चंद्र को पैसों की जरूरत थी। उसने मुनीम कृष्ण के माध्यम से कुछ समय के लिए रुपये उधार पर उससे मांग लिए। ब्याज सहित जल्द लौटाने का आश्वासन दिया। निर्मल सिंह ने जगदीश चंद्र और उसके जीजा अनिल कुमार को 22 लाख 50 हजार दिए थे।