संवाद न्यूज एजेंसी
ढांड। करनाल-पटियाला हाईवे पर अनाज मंडी कौल के पास डिवाइडर कट पर बिजली का टूटा हुआ खंभा हादसों को निमंत्रण दे रहा है। नाराज लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी इसके बारे में सब कुछ जानते हुए भी आंखें बंद किए बैठे हैं।
बलवान सिंह, रामेशवर, सतपाल, दयाल सिंह, सुनील कुमार व सुशील कुमार ने बताया कि यह खंभा 15 दिनों से टूटा हुआ है और सड़क पर पड़ा है। इस समय धुंध को मौसम है। धुंध में पोल दिखाई नही देने के कारण कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। पोल को सड़क से हटाने के लिए कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को गुहार लगा चुके है लेकिन पोल को सड़क से हटाने की आज तक किसी ने भी जहमत नही उठाई है।
नाराज ग्रामीणों का कहना है कि इस पोल के टूट जाने से सड़क के बीचों बीच लगी स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हुई है। जिससे रात के समय सड़क पर अंधेरा छाया रहता है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि टूटे हुए खंभे को सड़क से हटाया जाए और उसके स्थान पर दूसरा खंभा लगवा कर स्ट्रीट लाइटों को चालू करवाया जाए।
बीडीपीओ जगजीत सिंह का कहना है कि उनके संज्ञान में यह मामला आज ही आया है। मौके पर कर्मचारियों को भेजकर टूटे हुए खंभे को सडक़ से हटवा दिया जाएगा। उसके स्थान पर दूसरे खंभे को लगवाकर स्ट्रीट लाइटों को चालू करवा दिया जाएगा।