संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। कांग्रेस नेता व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह के नेतृत्व में निकाली जा रही सद्भाव यात्रा शुक्रवार को अपने 153वें दिन में प्रवेश कर गई। यात्रा सर छोटू राम चौक से शुरू होकर हनुमान वाटिका, मिनी सचिवालय, जिला बार एसोसिएशन, जाट स्कूल सोसाइटी होते हुए अंबाला रोड तक पहुंची।
जिला बार एसोसिएशन में आयोजित बैठक में वकीलों को संबोधित करते हुए बृजेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा की राजनीति हमेशा विभाजनकारी रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास को समझना जरूरी है, लेकिन केवल अतीत में जाकर वर्तमान के सवालों के जवाब तलाशना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति धर्म, बड़े पूंजीपतियों और मीडिया नियंत्रण जैसे तीन स्तंभों पर टिकी हुई है। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर और इंडो-यूएस ट्रेड डील का उल्लेख करते हुए कहा कि कई बार विदेशी हस्तक्षेप के कारण जनता को सही जानकारी नहीं मिल पाती। उन्होंने कहा कि देश का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हम अपने इतिहास और संस्कृति को सही तरीके से समझें। लोकतंत्र में सवाल पूछना और जवाब देना सबसे बुनियादी अधिकार है।
इस दौरान जिला अध्यक्ष रामचंदर गुज्जर, पूर्व विधायक जोगी राम, सुदीप सिंह सुरजेवाला, सुरेंद्र ढुल, दिलबाग मोर (प्रदेश संगठन सचिव) सहित कई नेता मौजूद रहे।