गांव कसान के पास एक बाइक सवार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। पुलिस ने राजौंद थाना में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव बुढ़ा खेड़ा निवासी सेवा सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह खेती बाड़ी का काम करता है। उसके पास एक लड़का व एक लड़की है। उसका जीजा सुभाष भी खेती करता है। जो खुद की कंबाइन भी रखता है। तीन दिन पहले उसका जीजा गांव थुआ से अपने गांव कुलतारन में वापस कंबाइन लेकर आया हुआ था। इसके बाद वीरवार को वह उसके जीजा के साथ गांव थुआ में उसके जीजा की मोटरसाइकिल लेने के लिए जा रहे थे। जब वे वापस अलग-अलग मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव कसान से कैथल की ओर थोड़ी दूरी पर पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक चालक ने उसके जीजा की मोटरसाइकिल को टक्कर मारी। इस दौरान उसका जीजा सड़क पर जा गिरा। वहीं ट्रक चालक द्वारा एकदम ब्रेक लगाने पर पीछे से आ रहा बाइक सवार भी ट्रक से टकराया, उसे भी काफी चोटें आई। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसके जीजा को मृत घोषित कर दिया। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी एचसी अमित ने बताया कि पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद