संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। मनरेगा में 18 करोड़ के घोटाले के आरोप पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार ने इसमें नियमानुसार काम करने का हवाला दिया है। उन्होंने कहा कि पहली जांच के बाद कार्रवाई की गई। अब दूसरे मामले की जांच बीडीपीओ सीवन की ओर से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि 18 करोड़ के घोटाले की जो खबर आई हैं, उसमें जो शिकायत मिल रही हैं, उनकी जांच की जा रही है। सीईओ ने कहा कि कैथल में चालू वित्त वर्ष में मनरेगा योजना में कुल बजट 18 करोड़ रुपये आवंटित हुआ है। उसमें नियमानुसार काम करवाया गया। मनरेगा के तहत सिंचाई विभाग की ओर से करवाए गए कार्यों के संबंध में दो शिकायतें दो-तीन माह पहले प्राप्त हुई थी। जिसमें पहले से ही जांच चल रही थी। उन्होंने कहा कि मामले में एक शिकायत में जांच पूरी हो गई थी। जिसमें अनियमितता मिलने पर तीन मेट को बर्खास्त किया जा चुका है और आगामी कार्रवाई के लिए सिंचाई विभाग को पत्र लिखा गया था।