कलायत। आंदोलनरत महिला पहलवानों के संदर्भ में बालू खाप ने बड़ा फैसला लिया है। महिला पहलवानों को न्याय मिलने तक भाजपा-जजपा के कार्यक्रमों पर रोक लगाने को कहा गया है। यह भी तय किया गया कि इस दौरान भाजपा और जजपा के किसी भी नेता को खाप के गांवों में घुसने नहीं दिया जाएगा।
वीरवार को खाप प्रधान रामचंद्र बालू की अध्यक्षता में बालू खाप की पंचायत हुई। इसमें खाप से संबंधित सभी गांवों के लोग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। खाप प्रधान रामचंद्र बालू ने सभी गांवों के प्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर सर्वसम्मति से फैसला लिया कि बालू खाप न्याय के लिए आंदोलन कर रही महिला पहलवानों का समर्थन करती है।
खाप प्रधान ने बताया कि सर्वसम्मति से फैसला लिया कि जब तक महिला पहलवानों को न्याय नहीं मिलता तब तक बालू खाप अपनी खाप के किसी भी गांव में जजपा व भाजपा के किसी भी नेता को न तो घुसने देगी। न ही खाप संबंधित गांवों में कोई कार्यक्रम करने की अनुमति देगी।
शुक्रवार को कुरुक्षेत्र में इसी संदर्भ में होने वाली खापों की पंचायत में बालू खाप बढ़-चढ़ कर भाग लेगी। आगे जो भी संगठनों द्वारा निर्णय लिया जाएगा उसे पूरा करने में बालू खाप पहल करते हुए पहलवानों के समर्थन में रहेगी।
खाप पंचायत में जिला पार्षद दीप बालू, खाप प्रवक्ता प्रवीन किछाना, पूर्व सरपंच राजेंद्र गुलियाना, नफे सिंह चौशाला, बबली जुलानी खेड़ा, शमशेर नीमवाला, सरपंच तारागढ़, राजेश बिढ़ाण सरपंच, वजीर खेड़ा सरपंच, सारण सरपंच, दिनेश सरपंच गादड़ा पट्टी सहित बड़ी संख्या में बालू खाप के लोग मौजूद रहे।
बालू खाप के गांव
जिले में बालू खाप के 11 गांव हैं। गांव बालू की तीन पंचायतें, जुलानीखेड़ा, वजीरनगर, सारण, गुलियाणा, किठाना, नीमवाला, तारागढ़ व चौशाला गांव आते हैं। इन गांवों में पहलवानों को न्याय मिलने तक जजपा-भाजपा के सरकारी कार्यक्रमों पर रोक लगा दी गई है।
केवल सरकारी कार्यक्रमों पर रहेगी राेक
बालू खाप के प्रधान रामचंद्र व दीप बालू ने बताया कि रोक केवल सरकारी आयोजनों पर लगाई गई है। कोई भी जजपा या भाजपा का नेता सरकारी कार्यक्रमों में नहीं आएगा। वह गांवों में किसी के घर शोक प्रकट करने, धार्मिक कार्यक्रमों या शादी में आ सकेगा।