संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में शनिवार को डीसी प्रशांत पंवार ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक ली। इस मौके पर उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद शुरू होने से पहले सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बारिश व बाढ़ के कारण जो सड़कें क्षतिग्रस्त हुई थी, उनमें से 20 लाख रुपये की राशि तक कार्यकारी अभियंता स्तर पर मरम्मत की गई है, जो सड़कें ज्यादा धनराशि से बननी है, उनके अनुमानित लागत आगामी 10 दिनों में मुख्यालय भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में चल रहे जन संवाद कार्यक्रमों में जो भी शिकायतें आ रही है, उसे जन संवाद पोर्टल पर अपलोड किया गया है। सभी संबंधित विभाग तय समय अनुसार शिकायतों का निवारण करें।
बैठक से पहले मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जन संवाद कार्यक्रम, सड़कों, धान खरीद, स्वामित्व, मेरी फसल-मेरा ब्योरा सीएम घोषणा, मेरी माटी-मेरा देश, लिंगानुपात सुधार आदि विषयों पर समीक्षा बैठक की। वीसी के बाद डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि लोक निर्माण विभाग की 31 सड़कों के सुदृढ़ीकरण की अनुमानित लागत (एस्टिमेट) भेजी जा चुकी है बाकी 30 सड़कों की भी अनुमानित लागत तुरंत भिजवाना सुनिश्चित करें।
डीसी ने कहा कि धान खरीद का सीजन शुरू होने वाला है। इसीलिए सभी मंडियों में अटल कैंटीन, पुलिस व्यवस्था, मीटर की उपलब्धता, कंट्रोल रूम, इंटरनेट व्यवस्था, डाटा एंट्री ऑपरेटरों की डयूटियां, तिरपाल, बक्सें, सफाई व्यवस्था, शौचालय आदि सभी मूलभूत सुविधाएं ठीक होनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लिंगानुपात में सुधार के लिए निरंतर कार्य करते रहें। अल्ट्रासाउंड केंद्रों पर पैनी नजर बनाकर रखें। इस मौके पर एसडीएम कपिल कुमार, कृष्ण कुमार व देवेंद्र शर्मा, सीईओ जिला परिषद अश्वनी मलिक, डीआरओ रणविजय सुल्तानियां, डीडीपीओ कंवर दमन आदि मौजूद रहे।