ढांड। अनाज मंडी एसोसिएशन ढांड की बैठक पुरानी अनाज मंडी स्थित उनके प्रतिष्ठान पर संपन्न हुई। जिसमें गेहूं सीजन के दौरान किसानों और आढ़तियों की परेशानियों पर चर्चा की गई।
प्रधान ने आढ़तियों को बताया कि जैसा कि जिला प्रशासन और सोलूमाजरा साइलो प्रबंधन की ओर से कहा गया है कि इस बार साइलो में अभी तक केवल साढ़े नौ लाख गेहूं के कट्टे भंडारण की क्षमता है। निकट भविष्य में अगर सरकार की ओर से स्पेशल ट्रेन लगाई जाती है तो यह क्षमता बढ़ कर बाहर लाख तक हो सकती है।
प्रधान ने कहा कि जिला प्रशासन व पूंडरी विधायक ने किसानों व आढ़तियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए साइलो में ढांड व कौल मंडी का माल ही खरीद करने की बात कही है जबकि पूंडरी मंडी के आढ़तियों को बारदाना मुहैया करवाया गया है।
प्रधान ने कहा कि इसके बावजूद सुनने में आया है कि पूंडरी मंडी के आढ़ती ढांड मंडी के आढ़तियों के साथ संपर्क साध रहे है कि उनके माध्यम से साइलो में माल डलवाया जाए। अगर ऐसा होता है तो सबसे ज्यादा परेशानी ढांड मंडी के आढ़तियों को आएगी। जिसका खामियाजा ढांड मंडी से संबंधित किसानों को भुगतना पड़ सकता है।
प्रधान ने बताया कि एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया है कि अगर ढांड मंडी का कोई भी आढ़ती पूंडरी मंडी के आढ़तियों का माल अपने मार्फत डलवाएगा तो एसोसिएशन की ओर से उसे 21 हजार रुपये जुर्माना राशि भुगतनी पड़ सकती है। प्रधान ने समस्त ढांड मंडी आढ़तियों से आह्वान किया है कि एसोसिएशन द्वारा लिए गए निर्णय का कड़ाई से पालन करने में सहयोग करें ताकि गेहूं के सीजन में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत ना आए। बैठक की अध्यक्षता मंडी प्रधान नसीब सिंह ने की।