कैथल। शक्ति नगर व पट्टी डोगर वासियों ने काफी दिनों से कचरे का का उठान न होने व कचरा डालने के कचरा डंपिंग प्वाइंट न होने के रोष स्वरूप कॉलोनी के लोगों ने शुक्रवार को जाम लगा दिया।
यह जाम करीब 15 मिनट तक लगा रहा। जाम की सूचना मिलने के बाद नगर परिषद कैथल के अध्यक्ष प्रतिनिधि सुमित गर्ग मौके पर पहुंचे। उन्होंने कॉलोनी के लोगों को इस समस्या का जल्द समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुमित गर्ग ने कहा कि शक्तिनगर के लोगों की यह समस्या जायज है।
यह क्षेत्र गांव में आता है। इसलिए यहां पर तीन से चार गलियों में कचरा उठान की समस्या है। इस समस्या को अब जल्द ही दूर करवाया जाएगा। कहा कि यहां पर जो डोर-टू-डोर कचरा उठान की गाड़ी आती है, इस गाड़ी की यहां पर कचरा उठाने के लिए ड्यूटी लगाई जाएगी। इस आश्वासन पर कॉलोनी के लोगों ने जाम खोल दिया। इस मौके पर शक्तिनगर निवासी बतेरी देवी, कृष्णा देवी, रीना रानी, शमशेर सिंह व कृष्ण कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने नप अध्यक्ष प्रतिनिधि का आभार जताया। वहीं, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी कुलदीप मलिक ने बताया कि इस क्षेत्र से कचरा उठाने के लिए किसी कर्मचारी को मजबूर नहीं किया जा सकता, लेकिन समस्या को देखते हुए इस क्षेत्र में भी कचरा उठाने वाली गाड़ी भेज दी जाएगी। संवाद