Anger among people due to flowing dirty water of drains in the streets
- फोटो : Kaithal
वाल्मीकि बस्ती ढांड में पिछले काफी दिनों से गलियों में नालों का गंदा पानी बहने से ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इसके विरोध में बस्ती के लोगों ने रविवार को संबंधित विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। सुभाष चंद, बलराज, अश्वनी, जोनी व तारा सिंह ढांड ने बताया कि जब से ग्राम पंचायतें कार्यभार से मुक्त हुई हैं, तब से आज तक उनकी बस्ती में नालों की सफाई नहीं हुई है। इससे नालों में गंदगी जमा हो जाने से गंदा पानी गलियों में बह रहा है। पानी गलियों में बहने से आने-जाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस्ती के लोगों का कहना है कि नालों एवं गलियों में गंदा पानी जमा रहने से बदबू हो रही है। उनका घरों में रहना मुश्किल हो रहा है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप लगातार बढ़ता रहा है, जिससे बीमारी फैलने का अंदेशा बना हुआ है। उन्होंने मांग की है कि उनकी बस्ती में गलियों एवं नालों की सफाई करवा कर उन्हें गंदगी से छुटकारा दिलवाया जाए।
ग्राम सचिव ढांड अश्वनी ने कहा कि गांव में 6 सफाई स्थाई तौर से नियुक्त किए हुए हैं। गलियों एवं नालों की सफाई की जिम्मेदारी उनकी बनती है। अगर बस्ती के लोगों को सफाई से संबंधित कोई समस्या है तो कार्यालय में लिखित में दें ताकि सफाई कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। संवाद