कैथल। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन की ओर से जल संरक्षण की आवश्यकता और इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हरियाणा की ओर से पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, तितरम में विश्व जल दिवस 2025 के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दाैरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग वासो के जिला सलाहकार दीपक कुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से विनय गर्ग, रिसोर्स पर्सन के रूप में पावर ग्रिड कैथल के उप-महाप्रबंधक मुनीष गुप्ता, तथा डीएसपी कलायत ललित कुमार ने भी शिरकत की।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश देने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम के दौरान चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में अमन प्रथम, अन्नपूर्णा द्वितीय, एवं सौरभ तृतीय स्थान पर रहे। चित्रकला प्रतियोगिता में योगिता प्रथम, शिवानी द्वितीय, एवं आकाश तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
ऐसे होगा संरक्षण
जल संरक्षण के लिए पांच आर का मंत्र मुख्य अतिथि दीपक कुमार ने विश्व जल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जल संरक्षण के पाँच आर (5R) की अवधारणा को समझाया।
1. रिड्यूस (कम करना) – जल की बर्बादी को रोकें।
2. रीयूज (पुनः उपयोग) – जल का दोबारा उपयोग करें।
3. रीसाइकिल (पुनर्चक्रण) – जल शुद्धिकरण और पुनर्चक्रण को अपनाएं।
4. रिस्पेक्ट (सम्मान) – जल का महत्व समझें और दूसरों को भी जागरूक करें।
5. रिचार्ज (पुनर्भरण) – वर्षा जल संचयन और भूजल पुनर्भरण करें। दीपक कुमार जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की अपील करते हुए विभाग के टोल-फ्री नंबर 18001805678 की भी जानकारी दी, जिससे जल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए संपर्क किया जा सकता है।