गुहला-चीका। नगर पालिका प्रशासन ने सोमवार को पुलिस की मदद से बाजार में सड़कों पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। पालिका की टीम ने छोटी मंडी, कैथल रोड, पटियाला रोड, पिहोवा रोड पर अतिक्रमण हटवाया। कर्मचारियों ने सड़कों के इर्द-गिर्द रखे खोखे, रेहड़ियों और अन्य तरह से किए गए अवैध कब्जे खाली करवाए। चेतावनी दी कि रेहड़ियों को लगातार एक जगह से दूसरी जगह ले जाया जाए। एक ही स्थान पर खड़ा होकर अतिक्रमण न किया जाए। कुछ रेहड़ी चालकों ने नगर पालिका अधिकारियों को रेहड़ी लगाने के लिए प्रशासन से जारी अपने लाइसेंस भी दिखाए लेकिन उन्हें यह कह कर दरकिनार कर दिया गया है कि यह लाइसेंस तो उनका रजिस्ट्रेशन मात्र है। रेहड़ी को लगातार चलायमान रखना होगा। नगर पालिका अधिकारी और कर्मचारी बाजारों में भी गए और दुकानों के बाहर रखे सामान को जब्त किया।
दरोगा नाहर सिंह ने बताया कि सोमवार को दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि वे निर्धारित स्थान से बाहर सामान न रखें। अन्यथा सामान तो जब्त किया ही जाएगा, उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।