थाना राजौंद पुलिस ने जिला फतेहाबाद निवासी एक बाइक चोर को गिरफ्तार किया है। इसके कब्जे से दो चोरीशुदा बाइक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी की वारदात के करीब 30 मामले दर्ज है। आरोपी का न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने वांछित करीब 34 वर्षीय आरोपी मुकेश निवासी मोहम्मदपुर रोही जिला फतेहाबाद को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि 5 जुलाई को राजौंद पुलिस ने नहर पुल बीरबांगड़ा रोड राजौंद पर आरोपी सुखदेव, विक्की व कुलदीप तीनों निवासी बिरथे बाहरी को काबू किया गया था। पूछताछ दौरान उनके कब्जे से 6 चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। सभी आरोपियों ने कबूला था कि उन्होंने उक्त सभी मोटरसाइकिल उपरोक्त आरोपी मुकेश से चोरी की जानते हुए सस्ते दाम में इस मंशा के साथ खरीदी थी। आगे इसे महंगे दाम में बेच सकें। एसपी ने बताया कि थाना राजौंद में दर्ज उक्त मामले में आरोपी मुकेश की राजौंद पुलिस ने तलाश की जा रही थी। आरोपी मुकेश की निशानदेही पर उसके कब्जे से 2 चोरीशुदा बाइक बरामद की गई। आरोपी के खिलाफ सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, पानीपत व कैथल सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों में चोरी के करीब 30 मामले दर्ज हैं। आरोपी मंगलवार को अदालत में पेश कर दिया गया, जिसका व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पूछताछ में कई अहम जानकारियां मिलने की संभावनाएं हैं।