पुलिस ने हांसी-बुटाना लिंक नहर के पुल पर गांव दाबा क्षेत्र से नशे का कारोबार करने वाले पंजाब निवासी दो तस्कर काबू कर लिए गए। उनके कब्जे से 11.28 ग्राम स्मैक बरामद करके तस्करी में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई। आरोपियों की पहचान नसीब सिंह ससा गुजरां व राजू नया गांव जिला पटियाला पंजाब के रूप में हुई। आरोपियों से पूछताछ के बाद सप्लायर गोपाल डेरा खरकां को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 1900 रुपये ड्रग मनी बरामद कर ली गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
एसपी लोकेंद्र सिंह ने बताया कि चौकी महमूदपुर प्रभारी एएसआई राजबीर सिंह की टीम ने दाबा क्षेत्र से बाइक सवार नसीब सिंह ससा गुजरां व राजू नया गांव जिला पटियाला (पंजाब) को स्मैक समेेत काबू किया। तलाशी के दौरान आरोपियों से 11 ग्राम 28 मिली ग्राम स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपियों को एएसआई जगदीप सिंह ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने कबूला कि यह नशा वे गोपाल सिंह डेरा खरकां से खरीद कर लाए हैं। इस पर पुलिस ने आरोपी गोपाल को गिरफ्तार करके उससे 1900 रुपये ड्रगमनी बरामद कर ली।
एसपी ने बताया कि सीआईए-1 पुलिस द्वारा 10 अक्टूबर 2015 को आरोपी गोपाल डेरा खरकां को खरकां में ही गाड़ी के अंदर 9 कट्टों में रखे 180 किलो चूरापोस्त सहित काबू किया गया था। इस मामले में अदालत ने आरोपी गोपाल 5 अगस्त 2017 को दस वर्ष कारावास और एक लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई जा चुकी है। इस मामले में गोपाल जमानत हासिल करने के बाद फिर से नशे के कारोबार में लिप्त हो गया था।
अफीम तस्कर से 3 हजार रुपये ड्रगमनी बरामद :
एसपी ने बताया कि एक अन्य मामले में थाना गुहला पुलिस के सबइंस्पेक्टर रमेश कुमार द्वारा आरोपी कर्मजीत सिंह हमझेड़ी जिला पटियाला पंजाब को गिरफ्तार कर 3 हजार रुपये ड्रगमनी बरामद की गई। सीआईए-टू पुलिस ने 22 दिसंबर को दुसेरपुर-खरौदी मोड़ पर नाका लगाकर मक्खन सिंह खरौदी को 415 ग्राम अफीम सहित काबू किया गया था। आरोपी से पूछताछ दौरान खुलासा हुआ कि मख्खन सिंह यह अफीम हमझेड़ी पंजाब निवासी अपने मामा कर्मजीत सिंह से खरीद कर लाया था।