गांव डोहर के निकट बुधवार रात को दो कारों की टक्कर में एक 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हो गया। मामले में मृतक के दोस्त की शिकायत पर पुलिस ने दूसरी कार के चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
वार्ड नंबर आठ कलायत निवासी अशोक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह लकड़ी की ठेकेदारी करता है। मांडी सदरां निवासी अमनदीप, छौत निवासी रमन, धनौरी निवासी कुलदीप व कुलतारण निवासी संदीप उसके दोस्त हैं। वह अमनदीप से मिलने के लिए उसके गांव मांडी सदरां आया था। 28 अक्टूबर को संदीप को उसके गांव कुलतारण छोड़ने के लिए गए थे। लौटते वक्त गांव डोहर के नजदीक एक गाड़ी चालक ने उसकी कार को साइड में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से गाड़ी पलट गई। आरोपी चालक अपनी गाड़ी को मौके पर छोड़कर भाग गया। दुर्घटना में अमनदीप सिंह व कुलदीप को काफी चोटें आई। उन्हें इलाज के लिए कैथल के एक निजी अस्पताल में लेकर गए। जहां पर डॉ. ने अमनदीप सिंह को जांच करके मृत करार दे दिया। कुलदीप का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
सदर थाना एसएचओ राजफूल सिंह ने ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।