संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भाजपा जिला कार्यालय कपिल कमल में शुक्रवार को प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इसमें जिला प्रभारी अमरपाल राणा और भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की शान में कसीदे गढ़े।
उन्होंने कहा कि बतौर वित्त मंत्री सैनी ने विधानसभा में जो नायब बजट पेश किया है, उसमें हरियाणा के उज्ज्वल भविष्य की झलक साफ तौर पर देखी जा रही है। इससे प्रदेश में शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं मिलना आसान होंगी।
दोनों नेताओं ने कहा कि सरकार की पहल से जल्द ही प्रदेश में महिलाओं को 2100 रुपये प्रति माह की आर्थिक मदद मिलना शुरू हो जाएगी। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार, बेघरों के लिए आवास, स्थानीय निकायों को विशेष अधिकार देने की तैयारी है। जिला अध्यक्ष ज्योति सैनी ने कहा कि शहरों में आयुष हर्बल पार्क का निर्माण, प्रदेश की सभी नगर पालिकाओं में एक खेल परिसर का निर्माण करना वास्तव में मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का परिणाम है। दरअसल, मानव जीवन के लिए जहां शुद्ध पर्यावरण का होना जरूरी है, वहीं युवाओं के लिए खेल के नए अवसर पैदा करना भी आवश्यक है। इसके लिए सरकार ने खेल स्टेडियमों के लिए बजट में बेहतर बजट रखा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने छात्रों के लिए बजट में अनेक कल्याणकारी निर्णय लिए हैं। इनमें मेडिकल सीटों का बढाना, छात्रों के लिए हरियाणा ओलंपियाड आयोजित करना, विजयी छात्रों को एक लाख रुपये तक की धनराशि देना, मेधावी छात्रों को इसरो,डीआरडीओ,भामा जैसे वैज्ञानिक केंद्रों का भ्रमण करवाना,ई-लाइब्रेरी, कल्पना चावला छात्रवृत्ति, सरकारी स्कूलों में फ्रेंच भाषा का ज्ञान इत्यादि ऐसे निर्णय हैं, जो युवाओं का भविष्य संवारने में कारगर साबित होंगे। पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गुज्जर जिला मीडिया प्रभारी राज रमन दीक्षित प्रदीप भट्ट विजय भारद्वाज भी मौजूद रहे।