कलायत। नरवाना-कुरुक्षेत्र रेलवे लाइन पर शुक्रवार देर सायं एक दर्दनाक हादसे में मूक-बधिर युवक की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब 54048 नंबर की पैसेंजर ट्रेन जींद से कुरुक्षेत्र की ओर जा रही थी।
मृतक की पहचान कलायत के वार्ड नंबर 4 निवासी 35 वर्षीय जॉनी राणा के रूप में हुई है। जॉनी मूक-बधिर था और करीब एक वर्ष पूर्व ही उसका विवाह हुआ था।
परिजनों के अनुसार, घटना के समय जॉनी रेलवे ट्रैक पर बैठा मोबाइल फोन पर कुछ देख रहा था। तभी ट्रेन आ गई, लेकिन उसे आहट नहीं मिली और वह उसकी चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना को पास ही खेतों में काम कर रहे किसानों ने देखा, जिन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस और रेलवे पुलिस की टीम ने जांच की। शनिवार को ही मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। संवाद