कैथल। जिला पुलिस ने सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और हादसों की रोकथाम के उद्देश्य से 27 अक्तूबर से 2 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक एसएचओ इंस्पेक्टर नरेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने गलत लेन में वाहन चलाने, लाल-नीली बत्ती के दुरुपयोग, नशे की हालत में ड्राइविंग करने तथा प्रेशर हॉर्न या बुलेट बाइक से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई की।
अभियान के तहत गलत लेन में वाहन चलाने पर 72, ध्वनि प्रदूषण पर 11, लाल-नीली बत्ती इस्तेमाल करने पर 9 और शराब पीकर वाहन चलाने पर 7 चालान काटे गए। कुल मिलाकर 99 वाहन चालकों के चालान किए गए। इस दौरान पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना, सुरक्षित गति से वाहन चलाने और नशे की हालत में ड्राइविंग न करने की सख्त हिदायत दी। एसपी उपासना ने बताया कि ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। संवाद