किसानों पर फायरिंग के विरोध में एसयूसीआई ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। मध्यप्रदेश के किसानों पर गोली चलाने के विरोध में विभिन्न संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन जारी है। बुधवार को सोशलिस्ट यूनिट सेंटर ऑफ इंडिया कम्युनिस्ट पार्टी ने प्रदर्शन किया। सबसे पहले किसान हनुमान वाटिका में एकत्रित हुए जिसके बाद वे सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम डीसी को ज्ञापन सौंपा। एसयूसीआई के जिला कमेटी के सीनियर सदस्य बाबू राम ने पुलिस फायरिंग मे मरने वाले छह किसानों व घायलों के प्रति संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर नंदलाल, राज कुमार, रामस्वरप, दर्शन सिंह, सुभाष व नरेश मौजूद रहे।
अखिल भारतीय किसान सभा आज से शुरू करेगी धरना
कैथल। अखिल भारतीय किसान सभा जिला कमेटी की बैठक जिला प्रधान महेंद्र सिंह अध्यक्षता में शहीद भगत सिंह भवन में हुई। जिसका संचालन जिला सचिव करतार सिंह ने किया। जिला प्रधान व जिला सचिव ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि किसान सभा की केंद्रीय कार्यकारिणी के अह्वान पर मध्यप्रदेश के किसानों के आंदोलन को अपना समर्थन देंगे। 15 जून से लघु सचिवालय पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा। बैठक में मांगेराम किठाना, सुखपाल मलिक खुराना, आभेराम कसान, दयाचंद, भीम सिंह, सुशील नीमवाला, जसपाल चीका, भगवान दास व किसान नेता रामसरूप नन्दकरन माजरा व पवन मौजूद रहे।