देवबन-राजौंद सड़क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू, सबसे खराब 6 किलोमीटर के टुकड़े को पहले बनाया जाएगा
सड़क को चौड़ा करने के लिए छूटा हुआ है पिछले साल से 20 करोड़ रुपये का टेंडर
लाला लाजपतराय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में खुला बाहरी सीवर, अंदर के सीवर व भवन की मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाने की प्रक्रिया जारी
अमर उजाला की खबरों का असर
फोटो संख्या-6, 8, 28
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पिछले सप्ताह अमर उजाला द्वारा उठाए गए दो मामलों में काम शुरू हो गया है। गांव देवबन से राजौंद तक 20 किलोमीटर के टुकड़े को 20 करोड़ रुपये में बनाए जाने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है। साथ ही लाला लाजपतराय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सीवरेज की सफाई करवा दी गई है। जो रिपेयर व नव निर्माण का काम है, उसके लिए कागजी कार्रवाई जारी है। जिससे लोगों को राहत की सांस मिलेगी।
अमर उजाला द्वारा पिछले सप्ताह देवबन से राजौंद तक 20 किलोमीटर तक के सड़क मार्ग के मुद्दे को उठाया गया था। जिसमें डीसी ने शीघ्र काम शुरू करवाने का आश्वासन दिया था। इस सड़क के लिए 20 करोड़ रुपये का टेंडर मार्च 2018 में छोड़ा गया था। सितंबर 2019 इस काम को पूरा करने की डेडलाइन है। लेकिन अभी तक काम भी पूरा न होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूरी की पूरी सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। कैथल से दिल्ली जाने के लिए यह रास्ता शॉर्ट कट है। इसके खराब होने के कारण लोगों को करनाल व कुरुक्षेत्र की ओर से दिल्ली जाना पड़ रहा है। अब इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता राजकुमार ने कहा कि गांव देवबन से आगे राजौंद की ओर करीब 6 किलोमीटर का जो टुकड़ा ज्यादा खराब है। उस टुकड़े में सड़क को चौड़ा करने के लिए खुदाई शुरू कर दी गई है। इसे 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर तक चौड़ा किया जाना है। ठेकेदार को कहा गया है कि पहले जितनी खुदाई करे, उसे भरकर सड़क बनाएं। फिर आगे सड़क निर्माण कार्य शुरू करें। जब तक सड़क नहीं बन जाती, तब तक बड़े गड्ढों को पत्थरों व मिट्टी से भर दिया गया है। ताकि लोगों को परेशानी न हो।
लाला लाजतपराय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में सीवर की सफाई करवाई गई : लाला लाजपतराय शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में डीसी के आदेशों के बाद कॉम्प्लेक्स के बंद पड़े सीवर को खुलवा दिया गया है। सफाई निरीक्षक मोहन भारद्वाज ने बताया कि कॉम्प्लेक्स के सीवर को जनस्वास्थ्य विभाग के सीवर से जोड़ने वाली लाइन की सफाई करवा दी गई है। शेष जो कार्य होने हैं, उसके लिए अधिकारियों द्वारा कागजी कार्रवाई पूरी की जा रही है। वहीं कॉम्प्लेक्स में दुकानदार गगन ने कहा कि सीवर की सफाई तो करवाई है। लेकिन शौचालयों को अभी ठीक नहीं करवाया गया है। अभी कहा जा रहा है कि कागजी कार्रवाई जारी है। उम्मीद है यह काम भी शीघ्र पूरा हो जाएगा। दुकानदारों ने मांग की है कि शेष अधूरे पड़े कार्यों को भी अधिकारी शीघ्र पूरा करें।
एमई राजकुमार ने कहा कि लाला लाजपतराय कॉम्प्लेक्स में जो भी कार्य होने हैं, उनके लिए एस्टीमेट बनाए जा रहे हैं। इन एस्टीमेट को हाउस की बैठक में मंजूरी के बाद टेंडर अलॉट कर काम पूरे किए जाएंगे।