राहगीरी : सर्द हवाओं के बीच मस्ती में झूमे शहरवासी
चंदाना गेट के महाराजा शूरसैनी स्मारक स्थल के पास आयोजित हुआ अपनी राहें- अपनी आजादी राहगीरी कार्यक्रम
डीएसपी जोगेंद्र सिंह, अशोक कुमार, तहसीलदार छोटू राम, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य व पार्षद गोपाल सैनी ने किया दीप शिखा प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
फोटो संख्या-1 से 5
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। पुलिस एवं जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से रविवार को राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन चंदाना गेट स्थित महाराजा शूरसैनी स्मारक स्थल के सामने किया गया। अपनी राहें-अपनी आजादी राहगीरी नाम से आयोजित कार्यक्रम में करीब 11 बजे तक लोगों ने विभिन्न कार्यक्रमों का खूब लुत्फ उठाया। अगले राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन 24 फरवरी को पिहोवा चौक पर किया जाएगा।
डीएसपी जोगेंद्र सिंह, अशोक कुमार, तहसीलदार छोटू राम व कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्य व पार्षद गोपाल सैनी ने दीप प्रज्ज्वलन से राहगीरी कार्यक्रम का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। कार्यक्रम का शुभारंभ सूचना जन संपर्क एवं भाषा विभाग के कार्यालय के नाटक निरीक्षक रामफल शर्मा के नेतृत्व में बलबीर शर्मा, गोबिंद शर्मा ने शिव वंदना से किया। लव डांस अकादमी की छोटी-छोटी लड़कियों द्वारा नृत्यावली पेश की गई, जिस पर दर्शक झूमते हुए नजर आए। पतंजलि योगपीठ के योग साधकों द्वारा मंच पर योग साधना व कई यौगिक क्रियाएं की गई और उनके महत्व के बारे में सभी को अवगत करवाया गया। डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा भारत की एकता व अखंडता का चित्रण करती प्रस्तुति दी गई। डॉ. महिपाल पठानिया ने देशभक्ति गीत हम जीएंगे और मरेंगे ए वतन तेरे लिए गाया।
सांस्कृतिक मंच पर डॉ. राजीव शर्मा ने हरियाणवी चुटकलों व मिमिक्री पेश कर दर्शकों को लोट-पोट कर दिया। गायक बहादुर सैनी ने गीत के माध्यम से कैथल के इतिहास के बारे में जानकारी दी। लव डांस अकादमी की छोटी सी बच्ची ने 52 गज का घाघरा गीत पर नृत्य कर लोगों को हरियाणा के पारंपरिक परिधानों के बारे में अवगत करवाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला में शिवम डांव ग्रुप ने हरियाणवी नृत्य जीजा तू काला मैं गौरी घणी, बहु काले की पेश करके सभी लोगों को अपने साथ नाचने पर मजबूर कर दिया। राहगीरी में रसीद खान, जो कि बोल व सुन नहीं सकते ने नृत्य पेश कर लोगों को रोमांचित कर दिया। राईजअप डांस अकादमी के बच्चों ने कन्या भ्रूण हत्या तथा लड़कियों के साथ संकीर्ण सोच रखने वाले व्यक्तियों पर कटाक्ष करती हुई नृत्यावली पेश की, तो सभी लोगों ने भाव विभोर होकर इनका हौसला बढ़ाया। इसी प्रकार मीनू सैनी ने कन्या भ्रूण हत्या तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर कविता पेश की। कार्यक्रम में दीपक ने देशभक्ति गीत, चंदन सुमित ने डांस, गुहला से आए कर्मचंद ने देशभक्ति पर कविता, लवप्रीत ने डांस तथा रोशन ने कविता भी पेश की। मंच का संचालन महेंद्र खन्ना ने किया।
इस अवसर पर एमई राजकुमार, राजेंद्र मलिक, एडवोकेट कृष्ण सैनी, विनोंद सोनी, सतपाल सिंह, रामकुमार, धर्मपाल, जंगीर सैनी, रोशन सैनी, सचिन धमिजा, लव शर्मा, मनदीप सिंह, प्रयागराज, रमेश कुमार, रूपलाल, सुनील कुमार, राजेंद्र कुमार आदि मौजूद थे।