कैथल। जिले में वीरवार को डेंगू के 4 नए मरीज पाए गए। चारों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से बुखार से पीड़ित 58 व्यक्तियों की डेंगू के लिए जांच की गई, लेकिन इनमें से 4 को ही डेंगू पाया गया।
विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में अब तक डेंगू के 369 मरीज पाए गए हैं। इनमें से काफी ठीक हो चुके हैं। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि विभाग द्वारा डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। विभिन्न स्थानों पर फॉगिंग व दवाइयों का छिड़काव भी करवाया जा रहा है। उन्होंने जिलावासियों से अपील की कि बीमारी से बचाव के लिए विभाग की ओर से जारी हिदायतों का पालन करें।