अब बुधवार को होगा नो मीटिंग डे
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। प्रत्येक बुधवार को नो मीटिंग डे घोषित किया गया है। जिसके तहत सप्ताह में कम से कम एक दिन बुधवार को अधिकारियों को कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुननी होंगी। जिससे कार्यालय में काम काज का बोझ कम होगा। डीसी संजय जून ने सरकार के इस निर्णय के बारे में बताया। डीसी ने कहा कि सरकार ने हरियाणा सिविल सेवा के पब्लिक डीलिंग से जुड़े प्रशासनिक अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि वे सप्ताह में एक दिन जन समस्याएं निपटाने व आम जनता से मिलने के लिए निर्धारित करें। इससे सरकारी कार्यालयों में आने वाली जनता की समस्याओं के समाधान में तेजी लाने में मदद मिलेगी।
मुख्य सचिव हरियाणा सरकार द्वारा जारी पत्र का हवाला देते हुए कहा कि जिले के सभी उप मंडलों कैथल, गुहला, कलायत तथा सभी एचसीएस अधिकारियों को आदेश दिए गए हैं कि बुधवार का दिन आम जनता से मिलकर आने वाली शिकायतों के निपटान के लिए निर्धारित किया जाए। इस दिन कार्यालय में किसी भी प्रकार के कोई सरकारी मीटिंग न रखी जाए।