अदालत के आदेशों पर प्रशासन ने दिलवाया प्लाट का कब्जा
गुहला-चीका। सोमवार को वार्ड नंबर पंद्रह डेरा भाग सिंह में प्रशासन ने अदालत के आदेशों का पालन करते हुए एक व्यक्ति को प्लाट का कब्जा दिलवाया। इस कार्य के लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किए नायब तहसीलदार दिलावर सिंह कानूनगो प्रवीन कुमार, पटवारी जागर सैनी, गुहला थाना प्रभारी अंग्रेज सिंह सहित भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और कब्जे दिलवाया। प्लाट के मालिक कुलदीप सिंह ने बताया कि उसने अपनी पत्नी कर्मजीत कौर के नाम साल 2014 में डेरा भाग सिंह में गुरप्रीत सिंह, रानी, हैप्पी, गुरमेल कौर आदि से 29 मरले जमीन खरीदी थी। जमीन खरीदते समय निशानदेही नहीं करवाई थी। बाद में जब प्लाट की चारदीवारी निकालनी चाही तो जमीन कम पाई गई। कुलदीप सिंह ने बताया कि उसकी जमीन पर करनैल सिंह ने नाजायज रूप से कब्जा कर लिया था, जिसके चलते उसे अदालत का सहारा लेना पड़ा था।
दूसरे पक्ष के भूपेंद्र सिंह बताया कि उनके पिता करनैल सिंह साल दो हजार में डेरा भाग सिंह में 28 मरले जमीन खरीदी थी। उनके पास आज भी केवल 28 मरले जमीन का ही कब्जा है, जिसे पर उन्होंने मकान बनाया है। कर्मजीत कौर की जमीन किसके नीचे दबी है वे नहीं जानते। इस पूरे मामले को लेकर हाईकोर्ट में अपील की गई है, उम्मीद है हमें वहां से न्याय जरूर मिलेगा।