कैथल। लघु सचिवालय के सभागार में बुधवार को जिला विकास एवं निगरानी समिति की बैठक हुई। इसमें वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में किए जाने वाले विकास कार्य स्वीकृत किए। जिले को आंवटित 13.27 करोड़ रुपये की राशि में से ग्रामीण क्षेत्र में 10 करोड़ तीन लाख 22 हजार रुपये खर्च होंगे, जिनमें एससी/एसपी कम्पोनेंट के तहत तीन करोड़ 81 लाख 77 हजार रुपये तथा सामान्य मद के तहत छह करोड़ 21 लाख 45 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
ढांड खंड में एक करोड़ 20 लाख 25 हजार रुपये, गुहला खंड में एक करोड़ 43 लाख 41 हजार रुपये, कैथल खंड में दो करोड़ 44 लाख 74 हजार रुपये, कलायत खंड में एक करोड़ 39 लाख एक हजार रुपये, पूंडरी खंड में एक करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपये, राजौंद खंड में एक करोड़ 4 लाख 11 हजार रुपये तथा सीवन खंड में 93 लाख 31 हजार रुपये की धनराशि की स्वीकृति प्रदान की गई। शहरी क्षेत्र के लिए तीन करोड़ 24 लाख 75 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई, जिनमें एससी/एसपी कम्पोनेंट के तहत एक करोड़ 23 लाख 58 हजार रुपये तथा सामान्य कम्पोनेंट के लिए दो करोड़ एक लाख 17 हजार रुपये खर्च करने का प्रावधान रहने की बात कही गई।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा की अगुवाई में हुई इस बैठक में सांसद नायब सिंह सैनी, विधायक लीला राम, जिलाध्यक्षा अशोक गुर्जर, डीसी डॉ. संगीता तेतरवाल तथा एडीसी विरेंद्र सहरावत मौजूद रहे। बैठक के दौरान नगर पालिका चीका में 48 लाख 15 हजार रुपये, कैथल में एक करोड़ 79 लाख 13 हजार रुपये, कलायत में 23 लाख सात हजार रुपये, पूंडरी में 23 लाख 33 हजार रुपये, राजौंद में 21 लाख 55 हजार रुपये, नगर पालिका सीवन में 29 लाख 52 हजार रुपये आवंटित करने की स्वीकृति प्रदान की गई। गत 2021-22 के लंबित बिलों और चल रहे कार्यों की एक करोड़ 67 लाख नौ हजार रुपये की धनराशि भी इसमें शामिल हैं।
बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग, नगर पालिका राजौंद की अध्यक्ष बबीता रानी, जिला प्रशासन की ओर से उपायुक्त डॉ. संगीता तेतरवाल, एडीसी विरेंद्र सहरावत, एसडीएम ब्रह्म प्रकाश, नवीन कुमार, सुशील कुमार, सीईओ जिप सुरेश राविश, सीटीएम गुलजार अहमद, डीआईपीआरओ धर्मवीर सिंह, प्लानिंग अधिकारी बिजेंद्र सिंह, अजय कुमार, रामकुमार नैन आदि मौजूद रहे।