संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पुलिस ने जुलाई में अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए 80 मामलों में 112 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें चोरी, लूट, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब और असलहा रखने जैसे अपराध शामिल हैं।
संपत्ति विरुद्ध अपराधों के तहत 34 मामलों में 62 आरोपियों को काबू किया गया, जिनके कब्जे से करीब 22 लाख 3 हजार 500 रुपये मूल्य की चोरीशुदा जन संपत्ति बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत 13 मामलों में 18 आरोपी गिरफ्तार किए गए, जिनसे बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ। इसमें 5 किलो 335 ग्राम चूरा पोस्त, 242 किलो 26 ग्राम डोडा पोस्त, 32 किलो 990 ग्राम गांजा, 5 किलो 294 ग्राम अफीम, 50.157 ग्राम हैरोइन और 42 नशीली गोलियां शामिल हैं।
आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज 33 मामलों में 32 आरोपियों को गिरफ्तार कर 909 बोतल देसी, 184 बोतल हथकढ़ी, 72 बोतल अंग्रेजी शराब और 685 लीटर लाहण बरामद किया गया। इसके अलावा, पुलिस ने सात बेल जंपर और नौ वांछित अपराधियों को भी काबू किया है।