संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। एनटीए की ओर से जारी किए नेट और जेआरएफ के परीक्षा परिणाम में महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय के 11 विद्यार्थियों का चयन हुआ है। विश्वविद्यालय के आठ छात्रों ने नेट की परीक्षा उत्तीर्ण की है। साथ ही तीन विद्यार्थियों ने पीएचडी एडमिशन नेट के लिए उत्तीर्ण हुए हैं।
कुलपति प्रो. रमेश चंद्र भारद्वाज ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर की इस परीक्षा में एक साथ इतने विद्यार्थियों का उत्तीर्ण होन विश्वविद्यालय के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि हिंदू अध्ययन विभाग से रविंद्र कुमार, रामराजी, तन्नु, अंजु, नेहा व साहित्य विभाग से रितिका व पूनम और ज्योतिष विभाग से नवीन शर्मा व धर्मशास्त्र विभाग से निशा देवी ने परीक्षा पास की है। पीएचडी एडमिशन नेट के लिए हिंदू अध्ययन विभाग से ममता व इंदू, साहित्य विभाग से डिंपल ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। कुलपति ने कहा कि सभी प्राध्यापक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से पढ़कर यहां नियुक्त हुए हैं, जिनके अनुभव का लाभ भी हमारे विद्यार्थियों को मिलता है।
उन्होंने बताया कि मूंदड़ी गांव में विश्वविद्यालय का परिसर जल्द बनकर तैयार होगा। उम्मीद है कि इसके बाद नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों की संख्या और बढ़ेगी।