कैथल। जिले में कोरोना संक्रमण के 10 नए मामले सामने आए हैं। साथ ही 18 कोरोना संक्रमित लोगों ने कोरोना को मात दी है। अब जिले में कोरोना संक्रमण के 108 एक्टिव केस हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों में से 85 को होम आईसोलेशन में रखा गया है। एक मरीज का इलाज नागरिक अस्पताल कैथल, एक का एल्केमिस्ट पंचकूला, दो मरीजों का इलाज शाह अस्पताल में चल रहा है।
पीजीआई चंडीगढ़ में आठ, सिग्नस अस्पताल में चार, करनाल के कल्पना चावला अस्पताल में पांच, जीआईएमएस अस्पताल हिसार में एक, नागरिक अस्पताल कुरुक्षेत्र में एक मरीज का इलाज चल रहा है। आम जन कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए सरकार की ओर से जारी कोविड-19 की हिदायतों का निरंतर पालन करें।
डीसी प्रदीप दहिया ने बताया कि जिले में 14 हजार 161 कोरोना के मरीजों में से 13 हजार 683 मरीज ठीक हो चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट 96.6 प्रतिशत है। पूरे जिले में 16 लाख 12 हजार 620 लोगों का टीकाकरण किया गया है। इनमें से आठ लाख 86 हजार 25 को पहली डोज, सात लाख 21 हजार 779 को दूसरी डोज और 4816 लोगों को बूस्टर डोज दी जा चुकी है। बुधवार को 1181 लोगों का टीकाकरण किया गया।