संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जिले में एक आढ़ती द्वारा दूसरे आढ़ती के बैंक चेक पर फर्जी हस्ताक्षर कर उसके खाते से 10 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़ित आढ़ती को इस धोखाधड़ी का पता तब चला जब वह बैंक में अपने खाते की नियमित जांच करवाने गया। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी आढ़ती के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा ढांड निवासी आढ़ती तरसेम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी फर्म मेसर्स रमेश चंद सतीश कुमार के नाम से नई अनाज मंडी, ढांड में दुकान है। उनका खाता एचडीएफसी बैंक में है। शिकायतकर्ता के अनुसार, एक अन्य आढ़ती ने उनसे उनके पैसों की गारंटी और सेफ्टी के नाम पर एक बैंक चेक लिया था।
उस समय उसने बताया था कि चेक केवल सुरक्षा के तौर पर रखा जाएगा लेकिन बाद में बिना जानकारी दिए आरोपी ने उसी चेक पर तरसेम सिंह के फर्जी हस्ताक्षर करके जुलाई माह में उनके खाते से 10 लाख रुपये निकाल लिए। तरसेम सिंह को इसकी भनक तब लगी जब उन्होंने बैंक जाकर अपने खाते का बैलेंस और विवरण देखा।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने भरोसे का दुरुपयोग करते हुए उनके साथ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि आढ़ती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।