हरियाणा पर्यटन निगम के चेयरमैन रणधीर सिंह गोलन ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल हरियाणा प्रदेश में सबका साथ-सबका विकास की नीति से विकास कार्य करवा रहे हैं। गांव करोड़ा में सती वाला तालाब का मॉडल तालाब बनाया जाएगा, जिसके लिए 1 करोड़ 32 लाख 49 हजार रुपये की मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा हलके के विकास के लिए पूरा प्लान तैयार करवाया जा रहा है, ताकि हलका पूंडरी में विकास की कोई कमी न रहे।
चेयरमैन रणधीर गोलन ने कहा कि पूंडरी हलके में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सड़कें, गलियां, खेतों के रास्ते पक्के करवाए जा रहे हैं। हर घर में नल और हर नल में जल मुहैया करवाया जा रहा है। ज्यादातर गांवों में तालाबों के ओवर फ्लो की समस्या रहती है, इस समस्या का समाधान करने के लिए पूरा प्लान तैयार किया जा रहा है, ताकि किसी भी स्तर पर आमजन को कोई समस्या न रहे। पूंडरी शहर में सभी सड़कों पर लाइटों को दुरूस्त करवाया गया है और पूरा शहर रात के समय जगमग हो जाता है। इसी तर्ज पर 25 गांवों को चिन्हित किया गया है, जहां पर लाइटें लगवाई जाएंगी। पूंडरी शहर के अलावा गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाए जा रहे हैं, जिससे लोगों को काफी लाभ मिलेगा।