बहबलपुर गांव में 21 नवंबर रात को खेत में जा रहे दो भाईयों का रास्ता रोककर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गांव में आयोजित शादी समारोह में डीजे पर नाच रहे दो युवकों को नामजद कर दस अन्य के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में बहबलपुर निवासी नरेंद्र ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसके चाचा का लड़का सुखवीर मोटरसाइकिल पर अपने खेत में जा रहे थे। जब वह दूसरे मोहल्ले से गुजर रहे थे तो वहां पर आयोजित शादी समारोह में कुछ युवक डीजे पर नाच रहे थे। इस दौरान उनके पास गांव के ही काला व संदीप आए और उनका रास्ता रोक लिया और कहा कि उनकी गली में किसलिए आए हो। इस पर उन्होंने बताया कि वह दोनों भाई खेत में जा रहे हैं। इस पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट करनी शुरू कर दी और आवाज देकर डीजे पर नाच रहे अन्य 10 युवकों को भी बुला लिया। जिन्होंने आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस मामले में बचाव के लिए शोर मचाने पर वहां पर मौजूद कुछ लोगों ने उनको आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। इस मामले में सदर थाना प्रभारी मनीष ने बताया कि रास्ता रोककर मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो युवकों को नामजद कर दस अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।