सीसीटीवी में रॉड से हमला करता आरोपी युवक।
- फोटो : Jind
जींद। गांव कहसून में स्थित शराब ठेके में घुस कर शुक्रवार रात को कुछ युवकों ने सेल्समैन पर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। युवक गल्ला व कुछ शराब उठाकर फरार हो गए। घायल सेल्समैन को नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां से उसकी हालात गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाकर उचाना थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू की। वारदात यहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी की डीवीआर अपने कब्जे में ले ली है।
पुलिस के अनुसार गांव खटकड़ निवासी राजेंद्र कहसून गांव स्थित शराब के उपठेके पर सेल्समैन का कार्य करता है। शुक्रवार रात को लगभग 11 बजे राजेंद्र ठेके में सोया हुआ था। इसी दौरान खिड़की के रास्ते से लोहे की रॉड से युवकों ने अंदर लगे ताले को तोड़ दिया और घुस गए। पहले युवकों ने सेल्समैन राजेंद्र पर रॉड से वार किए। इसके बाद युवकों ने शराब ठेके में तोड़फोड़ की। जाते समय युवक शराब व कुछ नकदी उठाकर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देने वाले युवकों की संख्या चार बताई गई। घटना के बाद राजेंद्र ने फोन से संपर्क कर ठेकेदारों और पुलिस को बताया। इसके द्वारा राजेंद्र को नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया। यहां चिकित्सकों ने उसकी हालत को गंभीर देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। फिलहाल यह खुलासा नहीं हो पाया है कि लूटपाट करने वाले कौन युवक थे तथा वह कितनी नकदी चुरा ले गए। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस पीजीआई रोहतक में राजेंद्र के बयान दर्ज करने के लिए गई हुई है।