कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजसेवी रवि चौहान का स्वागत करते युवा। स्रोत : ग्रामीण
कुंड। बीएमआर परिसर टीट में युवाओं की तरफ से एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचने पर समाजसेवी रवि चौहान का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिला भाजपा सचिव दिनेश यादव ने उन्हें तलवार व राधाकृष्ण का चित्र भेंटकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर कंवर रवि चौहान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में युवाओं को केवल नौकरी के पीछे नहीं भागना चाहिए, बल्कि स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी लेने की बजाय नौकरी देने की सोच विकसित करनी होगी, तभी देश और समाज की प्रगति संभव है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी को सरकारी या निजी नौकरी मिल पाना संभव नहीं है, ऐसे में युवाओं को अपनी सोच बदलकर नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए। स्वरोजगार के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनका सही दिशा में उपयोग कर युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
रवि चौहान ने कहा कि मेहनत, निष्ठा और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। यदि युवा स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूरी ईमानदारी से प्रयास करें, तो सफलता निश्चित रूप से उनके कदम चूमेगी। उन्होंने युवाओं से कर्म पर विश्वास रखने की अपील करते हुए कहा कि कर्म ही भाग्य है, इसलिए निरंतर मेहनत करते रहना ही सफलता की कुंजी है।