पानीपत रोड पर पलटा हुआ ट्रैक्टर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के जींद जिले के सफीदों में पानीपत रोड पर एक ट्रैक्टर पलटने पर चालक की मौत हो गई। चालक की पहचान बागपत निवासी 21 वर्षीय फरमान के रूप में हुई। मामले की सूचना सफीदों पुलिस व परिजनों को दी गई। सूचना पाकर पुलिस व परिजन नागरिक अस्पताल में पहुंचे।
बागपत का फरमान कई दिन पूर्व बागपत से सफीदों में ट्रैक्टर-ट्रॉली में तूड़ा भरने के लिए आया था। रात में उसने अपने अन्य साथियों के साथ ट्रॉली में तूड़ा भर लिया। जैसे ही वे ट्रैक्टर-ट्रॉली को लेकर चलने लगे तो ट्रैक्टर में पंक्चर हो गया। रात में पंक्चर लगाने की दुकान नहीं मिलने पर फरमान सोमवार सुबह ट्रैक्टर को लेेकर पंक्चर लगवाने के लिए नगर पानीपत रोड पर जा रहा था कि पेट्रोल पंप के पास अचानक ट्रैक्टर पलट गया और चालक फरमान उसके नीचे दब गया।
नागरिक अस्पताल पहुंचे मृत्तक के परिजन। संवाद
घटना होते ही काफी तादाद में लोग मौके पर जमा हो गए। राहगीरों ने घायल फरमान को ट्रैक्टर के नीचे से नीचे निकालकर नागरिक अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए थे। जांच अधिकारी रामफल ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर कार्रवाई करके शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।