जींद। शहर के झांझ चौक के पास रेहड़ी पर दोस्तों के साथ खड़े युवक की पंडित ढाबा के मालिक विकास शर्मा उर्फ बाबू से कहासुनी हो गई। फिर विकास ने दोस्तों को बुलाकर युवक पर डंडे और चाकू से हमला कर दिया।
श्याम नगर निवासी राजू ने एफआईआर में बताया कि 25 फरवरी रात को वह अपने दोस्त मोनू और संदेश के साथ झांझ गेट के पास एक रेहड़ी पर खड़े थे। इस दौरान वहां से गुजर रहे पंडित ढाबा के मालिक विकास शर्मा से उसकी किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
उसने अपने भाई विशाल उर्फ वीसी तथा उनका दोस्त सुनील उर्फ छोटू सैनी को बुला लिया। तीनों ने मिलकर उस पर डंडे और चाकू से हमला कर दिया। जब उसके दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की तो उनको डराकर वहां से भगा दिया।
चाकू से उसके कानू, ऊंगली, कमर तथा पेट पर गहरे घाव हो गए। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।
जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि इस मामले में विकास शर्मा, विशाल और सुनील के खिलाफ हमला करने तथा धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।