जींद। बिरौली गांव के पास पुल के नीचे पुलिस ने शुक्रवार को नाकेबंदी कर बिरौली निवासी युवक को सदर थाना पुलिस ने छह किलोग्राम डोडापोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
सदर थाना के एएसआई जलौरा सिंह ने बताया कि उनको शुक्रवार सुबह सूचना मिली थी कि बिरौली गांव निवासी सुशील डोडा पोस्त की तस्करी करता है। एएसआई सुरेंद्र सिंह व जलौरा सिंह ने टीम बनाकर बिरौली गांव के पास पुल के नीचे नाका लगाया और इसके लिए ड्यूटी मजिस्ट्रेट के तौर पर पिल्लूखेड़ा में बिजली निगम के एसडीओ रमेश कुमार को नियुक्त किया। वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। इस दौरान एक कार पुलिस को देखकर वापस जाने लगी। इस पर पुलिस ने कार चालक को पकड़ लिया और तलाश ली तो एक कट्टे में करीब छह किलोग्राम डोडापोस्त बरामद हुआ।
सदर थाना प्रभारी दिनेश ने बताया कि बिरौली निवासी सुशील को छह किलोग्राम डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार कर उसके खिलाफ नशीले पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह कहां से डोडा पोस्त लेकर आया था और कहां पर सप्लाई करना है।