नरवाना। पुलिस की अपराध शाखा ने गांव दनौदा खुर्द निवासी अनिल उर्फ मिली को नशा तस्करी के आरोप में 510 ग्राम अफीम के साथ काबू किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया।
सीआईए प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उनकी टीम एएसआई अवतार सिंह के नेतृत्व में दनौदा गांव के बस अड्डा पर गश्त कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि अनिल अफीम तस्करी का धंधा करता है। वह अफीम बेचने के इरादे से बाईपास पर खड़ा है। सीआईए टीम ने कार्रवाई करते हुए शक के आधार पर वहां खड़े व्यक्ति से पूछताछ शुरू की। इसमें अनिल के ही नशा तस्कर होने की पुष्टि होने पर बिजली निगम के एक्सईएन महावीर सिंह हुड्डा को बतौर राजपत्रित अधिकारी बुलाया गया। उनकी हाजिरी में आरोपी की तलाशी ली तो आरोपी के कब्जे से 510 ग्राम अफीम बरामद हुई। दनौदा चौकी में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। दो दिन के रिमांड के दौरान पुलिस अफीम तस्करी से जुड़े नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास करेगी।