जींद। ढाठरथ गांव में बाइक पर खेत से लौट रहे युवक पर तीन लोगों ने रंजिश के तहत लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने तीन लोगों को नामजद कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
ढाठरथ गांव निवासी संजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जनवरी सुबह 12 बजे खेत से बाइक पर पशुचारा लेकर अपने घर लौट रहा था। जब वह घर के नजदीक पहुंचा तो माहसिंग, प्रवीण और सचिन लाठी-डंडों के साथ आए। उन्होंने आते ही उस पर हमला कर दिया। परिजनों ने उसे नागरिक अस्पताल जींद पहुंचाया, जहां वह उपचाराधीन है। आरोप लगाया कि हमलावरों ने उस पर रंजिश के तहत हमला किया है। करीब एक महीने पहले उनके साथ कहासुनी हुई थी। जांच अधिकारी एएसआई रोहताश ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ हमला करने तथा धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।