21जेएनडी47: घर में सजाई बगिया की देखभाल करते हुए पूजा रानी। संवाद
जींद। भागदौड़ भरी जिंदगी में जहां लोग प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं। वहीं रामपुरा गांव की योग शिक्षिका पूजा रानी ने अपने घर को हरियाली और रंग-बिरंगे फूलों से सजा कर एक खूबसूरत बगिया का रूप दे दिया है। उनके घर में विभिन्न प्रजातियों के करीब 250 तरह के पौधे लगे हैं। हर मौसम में उनका आंगन फूलों की खुशबू से महकता रहता है।
प्रकृति से विशेष लगाव रखने वाली पूजा रानी बताती हैं कि वर्ष 2021 में कोरोना काल के दौरान उन्हें घर पर अधिक समय बिताने का अवसर मिला। इसी दौरान उन्होंने पौधे लगाने की शुरुआत की जो धीरे-धीरे उनका जुनून बन गई। आज उनके घर का हर कोना हरियाली से महक रहा है। वह जहां भी जाती हैं, वहां से किसी न किसी नई प्रजाति का पौधा जरूर लेकर आती हैं।
योग शिक्षिका होने के साथ-साथ पूजा अपने पौधों की देखभाल के लिए भी पूरा समय निकालती हैं। ड्यूटी पर जाने से पहले और लौटने के बाद वह पौधों को पानी देने, खाद डालने और उनकी साफ-सफाई का काम नियमित रूप से करती हैं। उनका कहना है कि जब भी मानसिक तनाव या थकान महसूस होती है, वह पौधों के बीच समय बिताती हैं। इससे उन्हें सुकून और सकारात्मक ऊर्जा मिलती है।
विशेष बात यह है कि पूजा घर की किसी भी अनुपयोगी वस्तु को बेकार नहीं जाने देतीं। पुराने डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलें, टूटे बर्तन और अन्य सामान को वह आकर्षक गमलों का रूप देकर पौधे लगाने में उपयोग करती हैं। उनका मानना है कि पौधों से न केवल घर की सुंदरता बढ़ती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है।
हर व्यक्ति को अपने घर में पौधे लगाने चाहिए
पूजा का कहना है कि हर व्यक्ति को अपने घर में पौधे लगाने चाहिए। इससे वातावरण शुद्ध रहता है और जीवन में सकारात्मकता का संचार होता है। उनकी यह हरियाली भरी पहल गांव के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बन रही है।