जिला प्रशासन, आयुष विभाग एवं पतंजलि योग समिति द्वारा संयुक्त रूप से अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। मुख्य कार्यक्रम नई अनाज मंडी में आयोजित किया गया, प्रदेश के जन स्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ इस मौके पर मुख्यातिथि रहे। नई अनाज मंडी में करीब दो हजार लोगों ने एक साथ योग किया। वहीं चौधरी रणबीर सिंह विवि में हुए योग कार्यक्रम में प्रदेश भर के बीएड कॉलेजों से आए करीब 10 हजार विद्यार्थियों ने एक साथ योग किया। सीआरएसयू के वीसी मेजर जनरल डॉ. रणजीत सिंह ने भी योग क्रियाएं करवाई। इसके अलावा जिला कारागार, ऑर्ट ऑफ लीविंग में भी योग दिवस पर विशेष कार्यक्रम हुए। जिला भर में विभिन्न शिक्षण संस्थानों और अन्य संस्थाओं ने भी योग दिवस मनाया। जिला में करीब 50 हजार लोगों ने योग दिवस के कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री घनश्याम दास सर्राफ ने कहा कि योग युक्त होकर रोग मुक्त जीवन जीया जा सकाता है। हर व्यक्ति को जीवन में योग को एक आदत के रूप में अपनाना चाहिए। योग को हर गरीब एवं अमीर व्यक्ति कर सकता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरी दुनिया योग कर रही है। योग के क्षेत्र में भारत दुनिया का शिरमोर बनने जा रहा है।
हर विधानसभा क्षेत्र में खुलेगी योग की पाठशाला
जन स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम 20 योग शालाएं स्थापित करने का निर्णय लिया है। कई विधानसभा क्षेत्रों में इसे पूरा भी कर लिया गया है। दूसरे चरण में हर गांव में व्यायाम शालाएं स्थापित करने का लक्ष्य है ताकि योग को हर परिवार के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
प्रधानमंत्री के भाषण के लिए दो बार रुका कार्यक्रम
हालांकि प्रशासन ने सुबह छह बजे योग कार्यक्रम का समय तय किय था, लेकिन मुख्य अतिथि जन स्वास्थ्य मंत्री घनश्याम सर्राफ सवा आठ बजे यहां पहुंचे। इसके बाद योग क्रियाएं शुरू की गई। कुछ देर बाद घोषणा हुई कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन शुरू हो गया है, ऐसे में आराम से बैठ जाएं। जैसे ही लाइव शुरू हुआ, यहां प्रदेश राज्यपाल प्रोफेसर कप्तान सिंह सोलंकी का संबोधन चल रहा था। इसे बंद कर योग क्रियाएं शुरू कर दी गई। कुछ देर बाद जब प्रधानमंत्री का संबोधन शुरू हुआ तो योग क्रियाएं रोक दी गईं।
एडीसी को आया गुस्सा
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर योग क्रियाएं होने के बाद एडीसी आमना तस्नीम का क्रोध देखने को मिला। इसका शिकार हुए यहां ड्यूटी दे रहे शिक्षक। बच्चों के शोर से नाराज हुईं एडीसी ने कार्यक्रम के बाद शिक्षकों को जमकर हड़काया और कहा कि आप टीचर हैं, आपको बच्चे कंट्रोल करने नहीं आते। इसके बाद मामला मीडिया में आते देख एडीसी ने मामले को ढीला छोड़ दिया। दरअसल कार्यक्रम के दौरान बच्चे बहुत ज्यादा शोर कर रहे थे। इसके लिए कई बार मंच से भी बच्चों को शांत रहने की अपील की गई, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। ऐसे में योग कार्यक्रम में शामिल होने आया एक बच्चा मोबाइल पर बात कर रहा था और सामने लगी स्क्रिन पर एडीसी आमना तस्नीम ने इसे देख लिया। उन्होंने इसको लेकर कार्यक्रम के बीच में ही जिला शिक्षा अधिकारी वंदना गुप्ता को शिकायत की। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी कार्यक्रम के बीच में ही ड्यूटी दे रहे शिक्षकों के पास गईं और यहां खड़े बच्चों को भगाने के साथ-साथ बच्चों को शांत रखने को कहा, लेकिन कार्यक्रम की समाप्ति पर एडीसी ने पहले मंच के दाईं ओर और फिर बाईं ओर ड्यूटी दे रहे शिक्षकों को एकत्रित कर जमकर डांट पिलाई। इस दौरान कवरेज कर रहे मीडियाकर्मियों को भी एडीसी ने कैमरा छीनने की धमकी दे डाली।
प्रोटोकोल नहीं निभाने का आरोप
कार्यक्रम की समाप्ति पर आर्ट एंड फ्लाई संस्थान के संचालक और मास्टर ट्रेनर अंश ने आयोजकों पर योग का प्रोटोकोल पूरा नहीं करने का आरोप लगाया। इसके लिए काफी देर तक अंश ने पतंजलि योग समिति और आयुष विभाग के अधिकारियों से बहस की। अंश के अनुसार योग क्रियाओं के दौरान प्रोटोकोल में सातवें नंबर पर लिखे गए संकल्प को गलत तरीके से पढ़ा गया। वहीं शांति पाठ के बाद कुछ नहीं हो सकता, लेकिन यहां शांति पाठ के बाद भी कार्यक्रम चला। अंश के अनुसार तीन ऐसे लोगों ने योग करवाया, जिन्होंने मास्टर ट्रेनर का कोर्स नहीं किया है। इस पर समिति के लोगों ने सरकारी कार्यक्रम होने की बात कहकर मामले को शांत किया।
सीआरएसयू में 524 कॉलेजों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने किया योग
मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य पर चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में प्रदेश भर के 524 कॉलेजों के 10 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने योग क्रियाएं की। सुबह साढ़े पांच बजे से विश्वविद्यालय प्रांगण में साधक पहुंचना शुरू हो गए। विश्वविद्यालय के वीसी डॉ. रणजीत सिंह ने प्रतिभागियों को योग की विभिन्न क्रियाओं से अवगत करवाया। इस मौके पर योग प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया।
1560 लोगों ने लिया योग क्रियाओं में भाग
सफीदों। नई अनाज मंडी में मंगलवार को ब्लॉक स्तर आयोजित दूसरा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में करीब 1560 लोगों ने एक साथ योग किया, जिसमें सरपंच, पंचायत समिति सदस्य के अलावा, शिक्षा विभाग के अधिकारी व शहर के गणमान्य लोगों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम बलराज जाखड़ ने की। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पंचायत समिति के अध्यक्षा निशा शर्मा ने शिरकत की। इसमें पतंजलि से आए ट्रेनर डॉ. ओमप्रकाश ने योग करवाया और महत्व के बारे में जानकारी दी। निशा शर्मा ने कहा कि योग करने से मांशपेशियां मजबूत रहती हैं। अनेक रोगों से मुक्ती मिलती है। इसके लिए महिलाओं को सबुह शाम योगा करना चाहिए।
पहले किया योग, हवन कर किया योग शिविर का समापन
उचाना। कपास मंडी में चल रहा साप्ताहिक योग शिविर योग दिवस पर सम्पन्न हुआ। योग शिक्षक बलराज श्योकंद ने योग से होने वाले फायदों के बारे में जानकारी दी। महिला, पुरुष, युवाओं ने बेटी बचाने, बेटी पढ़ाने, जल बचाने का संकल्प भी लिया। योग के बाद हवन भी आयोजित किया गया। श्योकंद ने कहा कि योग को जीवन में दिनचर्या के रूप में अपनाने से शरीर बीमारियों से दूर रहता है। योग सभी बीमारियों की अचूक दवा है। 15 हरियाणा एनसीसी बटालियन द्वारा राजीव गांधी महाविद्यालय में योग शिविर आयोजित किया। एनसीसी कैडेट्स योग ट्रेनर कुलदीप द्वारा योग के फायदों के बारे में जानकारी दी। मुख्य अतिथि के रूप में बांगर शिक्षा समिति के चेयरमैन सज्जन श्योकंद ने हिस्सा लिया। विभिन्न प्राणायाम कर प्रत्येक प्राणायाम के फायदों के बारे में जानकारी दी गई। सज्जन श्योकंद ने कहा कि योग ने देश को विदेशों में पहन दिलाई है। पूरे देश में योग के रूप में प्रदेश की सबसे अलग पहचान बनी है।