12जेएनडी20-खरकभूरा से तारखा जाने वाला कच्चा रास्ता। स्रोत ग्रामीण
उचाना। खरकभूरा, तारखा, काब्रच्छा और उदयपुर गांव के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर है। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से गांवों को आपस में जोड़ने वाले कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा। दोनों सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद मार्केटिंग बोर्ड ने टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
खरकभूरा से तारखा और काब्रच्छा तक 12 फीट चौड़ी सड़क का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 175 लाख रुपये मंजूर किए हैं। इसी प्रकार उदयपुर से मतलौडा तक करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा जिस पर 250 लाख रुपये खर्च होंगे। दोनों सड़कों के निर्माण पर कुल 425 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मार्केट कमेटी चेयरमैन सुरेंद्र खरकभूरा और वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने बताया कि कच्चे रास्ते होने के कारण ग्रामीणों, वाहन चालकों और खेतों में आने-जाने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में रास्ते दलदल में तब्दील होने से आवागमन और भी मुश्किल हो जाता था।
ग्रामीणों ने विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री के समक्ष इन सड़कों को पक्का करवाने की मांग रखी थी। विधायक की अहम भूमिका से वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। सड़क बनने से गांवों के बीच आवागमन सुगम होगा और किसानों को खेतों तक पहुंचने में भी सुविधा मिलेगी।
वर्जन
खरकभूरा से तारखा होते हुए काब्रच्छा और उदयपुर से मतलौडा जाने वाले कच्चे रास्तों पर सड़क निर्माण की मंजूरी मिल चुकी है। दोनों सड़कों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-रोशन लाल, एसडीओ, मार्केटिंग बोर्ड