जींद। नागरिक अस्पताल के नए भवन में एक्स-रे मशीन शिफ्ट हो गई है। अब मरीजों काे 24 घंटे एक्स-रे की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे रात के समय आने वाले मरीजों को होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।
पीएमओ ने लोकनिर्माण विभाग को कई पत्र लिखकर एक्स-रे मशीन शिफ्ट करने की मांग की थी। अब चार माह बाद एक्स-रे मशीन को नए भवन में शिफ्ट किया गया है।
नए भवन में एक्स-रे रूम के जीर्णोद्धार का कार्य चल रहा था। इस कारण एक्स-रे मशीन को अस्थायी रूप से टीबी वार्ड के पास शिफ्ट किया गया था। रेनोवेशन पूरा होने के बाद मशीन को वापस नई बिल्डिंग के निर्धारित एक्स-रे रूम में स्थापित कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब मशीन पूरी तरह तैयार है। अब मरीजों को 24 घंटे सुविधा मिलेगी। नागरिक अस्पताल में रोजाना सैंकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें 200 तक एक्स-रे भी प्रतिदिन होते हैं।
एक्स-रे रूम का रेनोवेशन कार्य होने के चलते लगभग तीन माह पहले मशीन को टीबी वार्ड के पास शिफ्ट किया गया था। जहां मरीज को लाने व ले जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। एक्स-रे मशीन खराब होने पर तो कई बार मरीजों को बाहर महंगे दामों पर एक्स-रे करवाना पड़ता था। पीएमओ ने कई बार लोक निर्माण विभाग को पत्र लिखे जिसके बाद अब यह काम सिरे चढ़ा है।
पिछले तीन माह से रात के समय दुर्घटना में हड्डी टूटने व अन्य बीमारियों में छाती संबंधी जांच के लिए इमरजेंसी की सुविधा में परेशानी आ रही थी। अब इनकी तुरंत जांच हो सकेगी। डॉक्टरों को रिपोर्ट जल्दी मिलने से इलाज में तेजी आएगी और मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को अब रात में भी सुविधा मिल सकेगी।
वर्जन
एक्स-रे मशीन को नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। मशीन को इंस्टॉल किया जा रहा है। वहीं स्टाफ को भी 24 घंटे की ड्यूटी के लिए तैयार किया गया है। कोई भी मरीज एक्स-रे के लिए इंतजार नहीं करेगा।
-डॉ. रघुवीर पूनिया, पीएमओ नागरिक अस्पताल जींद