सुदकैन माइनर पर डुमरखां व सुदकैण कलां गांव के बीच बुधवार शाम तीन बजे दो शव मिले। पास ही शराब की बोतल, गिलास और तलवार की म्यान भी मिली है। इससे पुलिस को शक है कि तलवार से वार करके दोनों की हत्या की गई है। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गांव डूमरखां खुर्द निवासी 26 वर्षीय मुनीष उर्फ लाली व गांव काब्रच्छा निवासी 40 वर्षीय जसबीर उर्फ जस्सू दोस्त थे। जसबीर अकसर मुनीष उर्फ लाली के पास आता रहता था। जसबीर के परिजनों ने बताया कि जसबीर गुरुग्राम में शराब ठेके पर रहता था और तीन-चार दिन पहले ही घर आया था। वहीं मुनीष उर्फ लाली के भाई रोहित ने कहा कि मुनीष ने जींद रोड पर पार्टनशिप में होटल किया हुआ था। वह बुधवार सुबह साढ़े 11 बजेे घर से बाइक लेकर निकला था। शाम तक वह घर नहीं लौटा। घटनास्थल पर बाइक नहीं मिली है। मौके के हालातों को देखते हुए जहां पुलिस अभी तक इस केस को हत्या से जोड़कर जांच कर रही है, वहीं सुदकैन कलां के ग्रामीणों के अनुसार हत्या करने में चार व्यक्ति शामिल हो सकते हैं, क्योंकि सुदकैन कलां गांव की ओर बाइक पर तेज गति से जाते समय दो बाइकों पर चार व्यक्ति भैंसों से टकरा गए थे। उन्होंने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था। पुलिस ग्रामीणों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए नागरिक अस्पताल लेकर गई, जहां आगामी कार्रवाई कर रही है।
जान बचाने के लिए भागा है जसबीर
पुलिस के अनुसार शराब पी रहे जसबीर और मुनीष के हत्यारों का अभी तक सुराग नहीं है, लेकिन सीन ऑफ क्राइम के मिल रही लीड के अनुसार पहले मुनीष के गले पर तलवार से वार किया गया। इसके बाद जसबीर अपने आपको बचाने के लिए रजवाहे की पटरी से उतरकर भाग होगा। जसबीर की छाती पर तलवार से कई वार किए गए। इसके बाद अधिक खून बह जाने से उनकी मौत हो गई।
गांव डूमरखां खुर्द निवासी मुनीष व काब्रच्छा निवासी जसबीर के शव पुलिस को मिले हैं। हत्या के कारणों व हत्यारों का अभी तक सुराग नहीं है। पुलिस जांच कर रही है, जल्द ही आरोपियों को पता लगा दिया जाएगा।
जगत सिंह, डीएसपी, नरवाना।