जींद। श्री सोमनाथ गोशाला समिति में शनिवार को गोपाल अष्टमी का पर्व मनाया गया। प्रधान सतीश कुमार गोयल की अध्यक्षता में मनाई गई गोपाष्टमी के मौके पर हनुमान नगर के लोगों ने भाग लिया। गोशाला में गो माता की पूजा की और आचार्य अशोक शर्मा ने हवन किया। गो भक्तों ने गो पूजन करने के साथ उनकी परिक्रमा की।
श्री सोमनाथ गोशाला समिति के प्रधान सतीश कुमार गोयल ने कहा कि कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाता है। ऐसा कहा जाता है कि इस दिन गो माता की पूजा करने से कभी भी दुखों का सामना नहीं करना पड़ता है। हिंदू धर्म में गायों की पूजा का विशेष महत्व है। गाय को माता का दर्जा दिया गया है। उन्होंने कहा कि गाय ही विश्व की माता है। भारत की तो यह आत्मा ही है। उन्होंने कहा कि गो पालन से परिवारों पर बोझ नहीं, बल्कि परिवार सुखी संपन्न होगा। गो सेवा करने वाला मनुष्य हर संकट से मुक्त रहता है, इसलिए गो वंश का संरक्षण, संवर्द्धन हर हाल में होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अनादि काल से महाभारत काल तक और महाभारत काल से आज तक सृष्टि की सर्वोत्तम संरचना गोमाता ही हैं। इस अवसर पर गोशाला कार्यकारिणी के सदस्य सुरेंद्र सैनी, सुनील गोयल, जय भगवान गोयल, राजपाल सैनी, सुंदर गोयल, रवि प्रकाश सिंगला, काकूराम राम मंगला, अनिल मंगला, सूबे सैनी मौजूद थे। सभी गो भक्तों ने मिलकर गोमाता की सेवा का संकल्प लिया।
गोपाष्टमी भारतीय संस्कृति का प्रमुख पर्व : गिरीश
उचाना। बाबा फुल्लू साध गोशाला कापड़ो में शनिवार को गोपाष्टमी पर्व मनाया गया। गोशाला के संरक्षक गिरीश जैन ने कहा कि गोपाष्टमी पर गो पूजन किया गया। गोमाता पूजन कार्यक्रम में लोग परिवार सहित उपस्थित रहे। गो माता का पूजन कर उनके वैज्ञानिक तथा आध्यात्मिक महत्व को समझ गोरक्षा का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि गोपाष्टमी पर्व भारतीय संस्कृति का प्रमुख पर्व है। गायों की रक्षा करने के कारण भगवान कृष्ण का नाम गोविंद पड़ा। भगवान कृष्ण ने कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से सप्तमी तक गो-गोप-गोपियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को धारण किया था। इसी समय से अष्टमी को गोपाष्टमी का पर्व मनाया जाने लगा, जोकि अब तक चला आ रहा है। इस अवसर पर पूर्व सरपंच शलिंद्र गोयत, सुरेश सिंघल, राजबाला सिंघल, कमल जैन, सचिव महीपाल, पूर्व पार्षद विकास, प्रवीण जैन मौजूद थे।
09जेएनडी07: गोपाष्टमी पर्व पर श्री सोमनाथ गोशाला में गाय की पूजा करते हुए श्रद्धालु। संवाद
09जेएनडी07: गोपाष्टमी पर्व पर श्री सोमनाथ गोशाला में गाय की पूजा करते हुए श्रद्धालु। संवाद