संवाद न्यूज एजेंसी
नरवाना। विश्व मेडिटेशन दिवस के अवसर पर ब्रह्मा कुमारीज संस्था की ओर से शहर के छोटू राम पार्क में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें 25 गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने एक साथ मेडिटेशन का अभ्यास कर मानसिक शांति का अनुभव किया। आयोजन का उद्देश्य लोगों को तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच और आत्मिक सशक्तिकरण की ओर प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान कुमारी निष्ठा, दृष्टि, ईशान, सिमरन और नूपुर ने नृत्य व भक्ति गीतों से वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। प्रभु महिमा के गीतों पर सैकड़ों महिलाएं भावविभोर होकर झूम उठीं। कार्यक्रम में शांति, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।
वक्ताओं ने मेडिटेशन के लाभ बताते हुए कहा कि ध्यान मन को स्थिर कर व्यर्थ और नकारात्मक विचारों पर नियंत्रण करने में सहायक है। नियमित मेडिटेशन से मानसिक तनाव, चिंता और अवसाद से मुक्ति मिलती है व जीवन में संतुलन और प्रसन्नता आती है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ब्रह्मा कुमारीज सेवा केंद्र पर आकर या मोबाइल के माध्यम से निशुल्क मेडिटेशन सीखें और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें। कार्यक्रम में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी रही। आयोजन के सफल संचालन में ब्रह्मा कुमारीज सेवा केंद्र की बहनों और स्वयंसेवकों का योगदान रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि जींद सबजोन की डायरेक्टर बीके विजय दीदी, कार्यक्रम अध्यक्षा नरवाना प्रभारी बीके सीमा, संयोजक बीके ममता, मुख्यवक्ता उचाना प्रभारी बीके सुषमा, टोहाना प्रभारी बीके वंदना व मंच संचालक रीटा बहन, रेणु, मीना और पूजा ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं, प्रेम नगर स्थित नवनिर्मित तिमंजिला सेवा केंद्र भवन का विधिवत उद्घाटन किया।
21जेएनडी16: नवनिर्मित तिमंजिला सेवा केंद्र भवन का विधिवत उद्घाटन करते हुए। स्रोत केंद्र।
21जेएनडी16: नवनिर्मित तिमंजिला सेवा केंद्र भवन का विधिवत उद्घाटन करते हुए। स्रोत केंद्र।