25जेएनडी13: शहर के गोहाना रोड के साथ लगती ग्रीन बेल्ट की बर्म को पक्का करते हुए मजदूर। संवाद
जींद। शहर में लंबे समय से सड़कों के किनारे टूटे हुए बर्म की वजह से लोग परेशान हैं। समस्याओं को देखते हुए नगर परिषद ने शहर की मुख्य सड़कों के किनारे बर्म भरने का कार्य शुरू कर दिया है। इसकी शुरुआत गोहाना रोड पर चक्की मोड़ से की गई है। नगर परिषद की ओर से वार्ड 17 में सड़क किनारों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को भरने और समतल करने पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बता दें कि बरसात के मौसम में सड़कों किनारे गड्ढों में पानी भरकर फिसलन की स्थिति बन जाती थी। वहीं, सूखे मौसम में धूल और मिट्टी उड़ने से वाहन चालकों और राहगीरों को दिक्कत झेलनी पड़ती थी।
नगर परिषद अधिकारियों का कहना है कि शहर के कई इलाकों में सड़कें तो ठीक हैं लेकिन उनके किनारे बने गड्ढे लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे थे। विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को बारिश के दिनों में गिरने का खतरा बना रहता था।
अब बर्म भरने से सड़क की चौड़ाई सुरक्षित तरीके से उपयोग में लाई जा सकेगी और दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। चक्की मोड़ से लेकर आगे तक लंबे समय से सड़क किनारे मिट्टी उखड़ी हुई थी। इससे रोजाना धूल उड़ती थी और पास के दुकानदार भी परेशान थे। कई बार दुपहिया वाहन चालक सड़क से नीचे उतरते ही फिसल जाते थे।
बर्म भरने का काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। पहले उन सड़कों को प्राथमिकता दी जा रही है। जो शहर के मुख्य मार्गों के साथ लगती हैं। धीरे-धीरे शहर के अन्य वार्डों में भी इसी तरह के कार्य शुरू किए जाएंगे। बर्म ठीक हो जाने के बाद सड़कें मजबूत होंगी और बारिश में पानी जमा होने की समस्या भी कम होगी।
-डॉ. अनुराधा सैनी, चेयरपर्सन नगर परिषद जींद।